AJAY CHOUKSEY M 9893323269
संत हिरदाराम नगर :- मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल में मेधावी छात्र पुरस्कार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
ब्रह्मलीन परमहंस संत हिरदाराम साहिब जी के आशीर्वाद एवं संस्था के प्रेरणापुंज सदस्य श्रद्धेय सिद्ध भाऊ जी के आशीष से शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के सम्मान में संत हिरदाराम सभागार में भव्य मेधावी छात्र पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करना तथा अन्य छात्रों को उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें शहीद हेमू कालाणी एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव श्री घनश्याम बूलचंदानी, संस्था के सदस्य श्री थावर वरलानी, विद्यालय के प्राचार्य श्री ए. एन. मणिकंडन, उप-प्राचार्य श्रीमती दिव्या कृपलानी, मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों तथा अभिभावकों ने सहभागिता की।इस अवसर पर विद्यालय के संगीत विभाग के निर्देशन में विद्यार्थियों द्वारा माँ सरस्वती की संगीतमय वंदना प्रस्तुत की गई,
जिसने पूरे सभागार को भक्तिमय वातावरण से अनुप्राणित कर दिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया।समारोह के दौरान सीबीएसई बोर्ड एवं विद्यालय स्तर पर अकादमिक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्रों एवं आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु उन्हें स्कूल बैग, स्टडी टेबल सहित अन्य उपयोगी शैक्षणिक उपहार प्रदान किए गए। इसके साथ ही विद्यालय के प्रति अनुशासन एवं समर्पण का परिचय देते हुए पूरे शैक्षणिक वर्ष में 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमती स्मिता शर्मा, संकुल प्राचार्य, ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों के साथ अपनी संघर्षपूर्ण एवं प्रेरक जीवन-यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने संकुल प्राचार्य बनने का सफर तय किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रभावी तरीकों, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन एवं सकारात्मक सोच के महत्व से भी अवगत कराया तथा उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में विद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र एवं बीआईटीएस पिलानी से इंजीनियर श्री पंकज चांदनानी तथा सात डिस्टिंक्शन प्राप्त प्रख्यात दंत चिकित्सक डॉ. रोहन चोटरानी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने अपने प्रेरणादायक विचारों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि आज उनकी सफलता की मजबूत नींव इसी विद्यालय में रखी गई थी। अपनी उपलब्धियों का श्रेय उन्होंने श्रद्धेय सिद्ध भाऊ जी, सचिव श्री घनश्याम बूलचंदानी तथा अपने सभी शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर अभ्यास, अनुशासन, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं विनम्रता ही जीवन में ऊँचाइयों तक पहुँचने का वास्तविक मार्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय में प्राप्त संस्कारों एवं मूल्यों को जीवनभर अपनाने का भी आह्वान किया।विद्यालय के प्राचार्य श्री ए. एन. मणिकंडन ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन उनके आत्मविश्वास, कठिन परिश्रम, लक्ष्य के प्रति एकाग्रता एवं दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों ने न केवल स्वयं को गौरवान्वित किया है, बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय का नाम भी रोशन किया है।उन्होंने यह भी कहा कि सफलता केवल प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी अथवा पदक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि सतत अध्ययन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति एवं जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की इच्छा ही वास्तविक सफलता का आधार है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों के समर्पण एवं मार्गदर्शन की भी सराहना की।10वीं एवं 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिन छात्रों एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया, उनके नाम इस प्रकार हैकक्षा 10वीं:प्रियम माखीजानी, नील उत्तमचंदानी, ध्रुव छतवानी, सौभाग्य गंगारामानी, प्रसून कुमार पांडेय, पार्थ सक्सेना, धैर्य बेलानी, जेनिश भाटिया, वैभव सतानी, मीमांश आसवानी, लवेश वाधवानी, पंकज पंजवानी, विनय चांदनानी एवं आदित्य जैन।कक्षा 12वीं (विज्ञान संकाय): निखिल मंगलानी, आदित्य रामनानी, हर्षित साहू, सम्यक जैन, वैभव लखानी, आदर्श कुमार शाक्य, हिमांशु लखवानी एवं मोहित डे।कक्षा 12वीं (वाणिज्य संकाय): भव्य कृपलानी, हर्षिल रामरख्यानी, सुमित भारवानी, उज्जवल मंगतानी, लकी नागर, मोहित बचानी एवं रनवीर जाट।सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में कक्षा 12वीं के उत्कृष्ट छात्र भव्य कृपलानी तथा कक्षा 10वीं के उत्कृष्ट छात्र प्रियम माखीजानी ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधन समिति, अपने शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को दिया।कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार विद्यालय की उप-प्राचार्य श्रीमती दिव्या कृपलानी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन श्रीमती अंजू गोगिया द्वारा किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।



0 Comments:
Post a Comment