AJAY CHOUKSEY M 9893323269
संत हिरदाराम नगर :- नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन.....
शहीद हेमू कालानी एजुकेशनल सोसाइटी, संत हिरदाराम नगर, भोपाल द्वारा "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन नवीनिध ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सोसाइटी के अंतर्गत कार्यरत बस चालकों, बस परिचालकों (कंडक्टर), प्रिमाइसेस इंचार्ज, हेल्पर्स, केयरटेकर एवं स्वीपर्स को नशे के दुष्प्रभावों तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अशोक कुमार गौतम, थाना प्रभारी, संत हिरदाराम नगर ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में नशे से होने वाले आर्थिक, सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा को समाप्त कर देती है तथा परिवार का सुख-चैन भी छीन लेती है।
उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों से कहा कि नशे पर खर्च होने वाले धन का उपयोग अपने परिवार, बच्चों की शिक्षा एवं उनकी सुख-सुविधाओं के लिए करें।उन्होंने बताया कि नशे की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं का सबसे अधिक दुष्प्रभाव परिवार पर पड़ता है। वर्तमान समय में महिलाओं एवं नाबालिग बच्चों का भी नशीले पदार्थों की सप्लाई में दुरुपयोग किया जा रहा है। लालच देकर बच्चों को इस अवैध कार्य में शामिल किया जाता है तथा धीरे-धीरे लोगों को नशे की आदत लगा दी जाती है। उन्होंने सभी से गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वयं उदाहरण बनकर अपने परिवार और बच्चों को भी इस बुरी लत से बचाने का संदेश दिया। गौतम ने कहा कि यदि अपने क्षेत्र में नशे से संबंधित कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वो अपने आसपास होने वाली ऐसी घटनाओं पर नजर रखे और पुलिस का सहयोग करे।उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि अधिकांश साइबर ठगी की शुरुआत लालच से होती है। उन्होंने सभी को अनजान व्यक्तियों के झांसे में न आने, किसी भी प्रकार की निजी जानकारी साझा न करने तथा बिना सोच-समझे गूगल पर हर जानकारी खोजने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी से बड़ी आर्थिक हानि से बचा जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान बस चालकों एवं कर्मचारियों ने अपनी समस्याएँ भी मुख्य अतिथि के समक्ष रखीं, जिनका उन्होंने धैर्यपूर्वक समाधान किया तथा आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन अमृता मोटवानी, प्राचार्या, नवनिध हासोमल लखानी पब्लिक स्कूल द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अंजलि वार्ष्णेय ने किया। अंत में ए. एन. मणिकंदन, प्राचार्य, मिठी गोविंदराम पब्लिक स्कूल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में शहीद हेमू कालानी एजुकेशनल सोसाइटी के सेक्रेटरी घनश्याम बूलचंदानी, ट्रांसपोर्ट मैनेजर विनोद सावलानी, शिक्षकगण तथा सोसाइटी के अंतर्गत कार्यरत बस चालक, बस ड्राइवर्स तथा हेल्पर्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में संस्था द्वारा सभी अतिथियों का सरोपा एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।



0 Comments:
Post a Comment