728x90 AdSpace

Latest News

संत हिरदाराम नगर :- नवनिध हासोमल लखानी पब्लिक स्कूल एवं मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल में राष्ट्रप्रेम, उमंग और गौरव के वातावरण में मनाया गया भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस..

AJAY CHOUKSEY M 9893323269

संत हिरदाराम नगर :- नवनिध हासोमल लखानी पब्लिक स्कूल एवं मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल में राष्ट्रप्रेम, उमंग और गौरव के वातावरण में मनाया गया भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

संत हिरदारामनगर, 15 अगस्त 2026 “स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प भी है।” इसी भाव को आत्मसात करते हुए नवनिध हासोमल लखानी पब्लिक स्कूल एवं मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल द्वारा भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत भव्यता, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में संत हिरदाराम सभागार में मनाया गया।समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।


दीपशिखा ने ज्ञान, आशा और राष्ट्रीय चेतना के उज्ज्वल पथ का प्रतीक बनकर समारोह को आलोकित किया। इसके पश्चात् शहीद हेमू कालानी एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव श्री घनश्याम बूलचंदानी जी का आत्मीय एवं पारंपरिक तरीके से पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्री घनश्याम बूलचंदानी जी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल की प्राचार्या रेखा केवलानी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए

सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने अपने देशभक्तिपूर्ण उद्बोधन में सभी को राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने, देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल के विद्यालय कप्तान वेदांत शर्मा ने अपने देशभक्तिपूर्ण संबोधन में कहा कि देशभक्ति त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है तथा हमें देश की प्रगति और उन्नति के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। कक्षा तीसरी के छात्र मोनिश मंगलानी ने भी स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए देशहित में बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।तत्पश्चात् नवनिध हासोमल लखानी पब्लिक स्कूल की विद्यालय कप्तान कु. मान्या मोरंदानी ने राष्ट्रप्रेम एवं जिम्मेदार नागरिकता का संदेश देते हुए प्रेरणादायी संबोधन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत, देश की विविधता और मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करने वाली मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को देशभक्ति की ऊर्जा और उत्साह से सराबोर कर दिया। उपस्थित सभी दर्शकों ने करतल ध्वनि से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।समारोह का एक विशेष आकर्षण विद्यार्थियों की उत्कृष्ट उपलब्धियों का सम्मान रहा। प्रतिभा, परिश्रम, अनुशासन एवं सर्वांगीण उत्कृष्टता के लिए नवनिध हासोमल लखानी पब्लिक स्कूल के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा I–II से लविशा करमचंदानी, कक्षा III–V से सरगुन लखानी, कक्षा VI–VIII से ओजस्विनी गुप्ता, कक्षा IX–X से वैष्णवी साहू तथा कक्षा XI–XII से नूपुर लालवानी को पुरस्कृत किया गया तथा उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।इसके पश्चात् मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा I–II से प्रथम चेलानी, कक्षा III–V से अंश दीक्षित, कक्षा VI–VIII से जिगर टिलवानी, कक्षा IX–X से रुद्राक्ष सिंह कोठ तथा कक्षा XI–XII से उज्ज्वल मंगतानी शामिल रहे। इन विद्यार्थियों की उपलब्धियों ने विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया।विद्यालय के प्रति समर्पण, नेतृत्व क्षमता एवं उत्तरदायित्व का परिचय देने वाले नवनिध हासोमल लखानी पब्लिक स्कूल एवं मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल की विद्यार्थी परिषद के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।इसी अवसर पर नवनिध विद्यालय की जूडो क्लस्टर, बैडमिंटन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में विद्यालय का गौरव बढ़ाने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।इंटर-स्कूल बैडमिंटन टूर्नामेंट, जिसका आयोजन आई.वी.वाई. ग्लोबल स्कूल, भोपाल में गत दिनों किया गया था, में नवनिध हासोमल लखानी पब्लिक स्कूल की छात्रा तनिष्का गुलराजानी (कक्षा IX) ने अंडर-17 बालिका वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।इसी प्रकार नेशनल सीबीएसई वेस्ट ज़ोन जूडो प्रतियोगिता, जिसका आयोजन गुजरात पब्लिक स्कूल, वडोदरा, गुजरात में किया गया, में तेजस्विनी कुमारी प्रसाद (कक्षा X-C) ने अंडर-17, 63 किलोग्राम से कम वर्ग में रजत पदक तथा पूर्वी तिवारी (कक्षा VIII-B) ने अंडर-14, 44 किलोग्राम से अधिक वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।साथ ही, भारत विकास परिषद द्वारा संचालित देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त करने पर नवनिध हासोमल लखानी पब्लिक स्कूल तथा तीसरा स्थान प्राप्त करने पर मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर नवनिध हासोमल लखानी पब्लिक स्कूल की प्राचार्या अमृता मोटवानी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, विद्यार्थियों तथा आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों एवं अतिथियों के लिए कैडबरी चोको फिल कुकीज़ का वितरण किया गया। इस प्रकार राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना, उपलब्धियों के सम्मान और उल्लास से परिपूर्ण यह समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का कुशल संचालन नवनिध हासोमल लखानी स्कूल की शिक्षिका लता मनवानी के नेतृत्व में कु. जेनिका असवानी और लवीना सावलानी तथा मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल की शिक्षिका मरियम रईस के निर्देशन में नीलेश मोटवानी द्वारा किया गया।

Next
This is the most recent post.
Older Post
  • Blogger Comments
  • Facebook Comments

0 Comments:

Post a Comment

Item Reviewed: संत हिरदाराम नगर :- नवनिध हासोमल लखानी पब्लिक स्कूल एवं मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल में राष्ट्रप्रेम, उमंग और गौरव के वातावरण में मनाया गया भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस.. Rating: 5 Reviewed By: mpcgnews.com